राज्य सूचना आयुक्त गिरजेश चौधरी का हृदयगति रुकने से निधन, सूचना आयोग में शोक की लहर

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त गिरजेश चौधरी का गुरुवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह लगभग 62 वर्ष के थे। उनके आकस्मिक निधन से सूचना आयोग परिवार, उनके परिजनों और चाहने वालों में शोक की लहर है।
राज्य सूचना आयुक्त राजेंद्र सिंह के अनुसार, गुरुवार को सूचना आयुक्त राकेश कुमार के कक्ष में आयोजित जलपान कार्यक्रम में श्री चौधरी भी उपस्थित थे। इसके बाद वे बस्ती जिले में एक समारोह में भाग लेने चले गए। वहीं रात में उन्हें दिल का दौरा पड़ा। पहले उन्हें बस्ती जिला अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति में लखनऊ स्थित लारी इंस्टिट्यूट ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें नहीं बचा सके।
हंसमुख स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी गिरजेश चौधरी का निधन राज्य सूचना आयोग और उनके क्षेत्र के लिए अपूर्णीय क्षति है। मूल रूप से वे संत कबीर नगर (पूर्व में बस्ती) जिले के सेमरियावां विकासखंड के चंगेरा मंगेरा गांव के निवासी थे। लखनऊ में उनका आवास मुंशी पुलिया के पास मानस विहार में था।
उनकी सादगी, कर्मठता और जनसेवा के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।