Uttarakhand: जंगलों में 40 बीघा वन भूमि पर बिल्डर कर रहा था अवैध टूरिस्ट स्पॉट निर्माण, नागरिकों की मुहिम लाई रंग

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तराखंड के खलंगा वन क्षेत्र में जंगलों के बीच एक बिल्डर द्वारा करीब 40 बीघा वन भूमि पर खुलेआम पेड़ों की कटाई कर अवैध रूप से टूरिस्ट स्पॉट बनाने का मामला सामने आया है। इस गोरखधंधे का खुलासा सजग क्षेत्रीय नागरिकों ने किया, जिनकी लगातार कोशिशों और जागरूकता से वन विभाग को आखिरकार कार्रवाई करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों की मुहिम रंग लाई और वन विभाग को मजबूरन हरकत में आना पड़ा। विभाग ने अब इस मामले में अतिक्रमण और अवैध पेड़ कटाई के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
चौंकाने वाली बात यह रही कि इतने बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध निर्माण और पेड़ों की कटाई के बावजूद वन विभाग पूरी तरह से निष्क्रिय बना रहा। जब आम लोगों ने इस मुद्दे पर आवाज उठाई और सबूतों के साथ प्रशासन के सामने मामला रखा, तब जाकर विभाग की नींद टूटी।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि दोषी बिल्डर पर सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त किया जाए। साथ ही संबंधित वन अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए, जिन्होंने इस गंभीर अतिक्रमण पर लंबे समय तक आंखें मूंदी रखीं।