अयोध्या नगर निगम का बजट पारित: विकास और जनसेवाओं पर खर्च होंगे 74256 लाख रुपये
75661.27 लाख रुपये की अनुमानित आय, 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' प्रस्ताव भी पास

- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: नगर निगम की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 74256 लाख रुपये विकास और जनसेवाओं पर खर्च करने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। गांधी सभागार में आयोजित इस बैठक में कुल अनुमानित आय 75661.27 लाख रुपये आंकी गई है, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई।
बैठक की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की, जबकि नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा की उपस्थिति में बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने किया। वित्तीय एवं लेखा अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बजट का खाका पेश किया, जिसमें कर, शुल्क, किराया, अनुदान, उत्पाद बिक्री, ब्याज आदि से आय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।
बजट में शामिल प्रमुख मदें:
- संपत्तिकर, जलकर, पशुकर आदि से आय: ₹2972.50 लाख
- विभिन्न शुल्कों से आय: ₹2146.90 लाख
- उत्पाद बिक्री से आय: ₹77.70 लाख
- किराया आय: ₹57 लाख
- राजस्व अनुदान/अंशदान: ₹16391 लाख
- ब्याज एवं अन्य आय: ₹31.60 लाख
- केंद्र सरकार से सहयोग: ₹2740 लाख
- राज्य सरकार से सहयोग: ₹24107.60 लाख
यह धनराशि कर्मचारियों के वेतन, विकास कार्यों, और जन सुविधाओं पर खर्च की जाएगी।
बैठक में लिए गए अन्य निर्णय:
- सफाईकर्मियों की बीट निर्धारित करने का निर्णय।
- प्रवर्तन दल को कार्यशैली में सुधार के निर्देश।
- अलाव की लकड़ी खरीद की जांच के आदेश।
- सामग्री की खरीद के लिए समय से निविदा आमंत्रण का फैसला।
‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ प्रस्ताव पास
वरिष्ठ पार्षद बृजेंद्र सिंह द्वारा पेश किए गए ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ प्रस्ताव पर चर्चा हुई। सपा पार्षद विशाल पाल ने आपत्ति जताई, लेकिन महापौर ने 1967 तक हुए संयुक्त चुनावों का हवाला देते हुए इसके लाभ बताए – आचार संहिता की अवधि में कमी, चुनावी खर्च में कटौती और विकास कार्यों में तेजी। अंततः प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
पहलगाम आतंकी हमले की निंदा
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की बोर्ड बैठक में कड़ी निंदा की गई। साथ ही पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई की सराहना करते हुए समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में शामिल प्रमुख लोग:
उपसभापति राजेश गौड़, पार्षद बृजेंद्र सिंह, जय नारायण सिंह, अनिल सिंह, अनुज दास, विकास कुमार, सूर्यकुमार तिवारी, विशाल पाल, हरिश्चंद्र गुप्त, विनय जैसवाल, अखिलेश पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नगर निगम अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।