मौनी अमावस्या पर जाम का झाम, हाईवे से लेकर सड़क तक गाड़ियों की लग रही कतार, लगभग 20 लाख श्रद्धालु पहुंचे काशी

प्रयागराज में महाकुंभ लगा है। ऐसे में मौनी अमावस्या पर काशी में भी लगभग 20 लाख की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। जिसके बाद यहां प्रयागराज जाने वाले रूट पर भीड़ अत्यधिक होने के कारण जाम की स्थिति बन गई है। जिसके कारण पुलिस भी यात्रियों को प्रयागराज नहीं जाने दे रही है। पूरा रास्ता जाम हो गया है।
मौनी अमावस्या के दिन बुधवार को शहर जाम की चपेट में है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं रह गया है। हाईवे से लेकर राजा तालाब तक फोर व्हीलर और ट्रकों की लंबी कतार लग गई है। जहां जो जाम में फंसे हैं, वहीं जाम में रुके हुए हैं। चार से पांच घंटे तक लोग जाम में फंसे हुए हैं, कोई भी छुड़ाने की जहमत नहीं उठा रहा है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में इस जाम के कारण काफी समस्याएं हो रही है। स्थानीय लोग इस जाम में फंसकर काफी झल्ला जा रहे हैं। अपने गंतव्य तक पहुंचने में लोगों को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ रही है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं। बावजूद, इसके इस समस्या का समाधान नहीं निकल पा रहा है।