सहारनपुर: वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश प्रभाकर का 98 वर्ष की आयु में निधन, शहर में शोक की लहर

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
सहारनपुर: सहारनपुर के वरिष्ठतम पत्रकार अखिलेश प्रभाकर का बुद्धवार देर शाम रेलवे रोड स्थित हाथी बिल्डिंग में उनके निवास पर 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे देश के प्रसिद्ध पत्रकार, स्वतंत्रता सेनानी और साहित्यकार कन्हैया लाल मिश्र प्रभाकर के सुपुत्र थे।
उनके निधन की सूचना उनके ज्येष्ठ पुत्र हर्ष प्रभाकर ने दी। बताया गया कि बाल्यकाल में अखिलेश प्रभाकर जी ने अपने पिता के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। कन्हैया लाल मिश्र प्रभाकर के निधन के बाद उन्होंने ही उनके द्वारा प्रकाशित प्रतिष्ठित पत्र “विकास साप्ताहिक” का संपादन और प्रकाशन संभाला।
अखिलेश प्रभाकर के निधन से सहारनपुर में साहित्यिक और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। साहित्यकार डॉ. वीरेंद्र आज़म, डॉ. विजेंद्र पाल शर्मा, डॉ. आर.पी. सारस्वत, डॉ. विपिन गिरी, हरीराम पथिक, नरेंद्र मस्ताना, डॉ. सुमेधा नीरज, विनोद भृंग, मनीष कछल, वरिष्ठ पत्रकार आलोक अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
अंतिम संस्कार 15 मई, गुरुवार को सुबह 11:30 बजे हक़ीक़त नगर श्मशान घाट पर किया जाएगा।