राष्ट्रपति भवन में इंडोनेशियाई डेलिगेशन ने बॉलीवुड गाना गाकर जीता दिल

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित राजकीय भोज के दौरान इंडोनेशियाई डेलिगेशन ने बॉलीवुड का मशहूर गाना ‘कुछ-कुछ होता है’ गाकर सभी का दिल जीत लिया। यह खास पल राष्ट्रपति भवन में हुआ, जहां इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को यादगार बना दिया। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों के दिलों को छू रहा है।
इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने गाया SRK का सुपरहिट गाना
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो इन दिनों भारत के दौरे पर हैं और 26 जनवरी के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राजकीय भोज के दौरान इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘कुछ-कुछ होता है’ का टाइटल ट्रैक गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भारत-इंडोनेशिया संबंधों की अनोखी झलक
यह घटना भारत और इंडोनेशिया के सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करती है। भोज के दौरान इस गाने को सुनते हुए वहां मौजूद मेहमान झूम उठे। यह क्षण दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान की एक अनोखी मिसाल पेश करता है।
व्यापार और रक्षा में साझेदारी को नई ऊंचाई
भारत और इंडोनेशिया ने हाल ही में रक्षा, व्यापार और समुद्री सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की बैठक ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए। दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सहयोग को प्राथमिकता दी।
चीन के लिए संदेश
भारत और इंडोनेशिया की बढ़ती साझेदारी चीन के लिए चिंता का विषय बन गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने समुद्री क्षेत्र में नियम-आधारित व्यवस्था और शांति बनाए रखने की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। रक्षा और व्यापार में हुए समझौतों से दोनों देशों के संबंधों में नया आयाम जुड़ा है।
यह दौरा भारत-इंडोनेशिया के संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ एशिया में शक्ति संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।