अयोध्या: पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे से परेशान किरण देवी, दबंग भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई अब भी अधर में

- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या/बीकापुर (हैदरगंज): जनपद अयोध्या के बीकापुर तहसील अंतर्गत हैदरगंज क्षेत्र में भू-माफियाओं और दबंगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला किरण देवी नामक महिला का है, जिन्होंने अपनी पैतृक भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे और दबंगई के खिलाफ प्रशासनिक मदद की गुहार लगाई है।
पुलिस और प्रशासन से मिलीं आश्वासन, कार्रवाई नहीं
किरण देवी ने इस संबंध में एक शिकायती पत्र वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या को सौंपा था। एसएसपी कार्यालय से आश्वासन तो मिला, लेकिन जमीन पर कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई। एसडीएम बीकापुर ने भी हस्तक्षेप का आश्वासन दिया, मगर दबंगों पर इसका कोई असर नहीं दिखा।
लेखपाल की रिपोर्ट में भी पुष्टि, फिर भी निर्माण जारी
लेखपाल द्वारा की गई जांच में साफ तौर पर यह दर्ज किया गया है कि किरण देवी की सहन भूमि और रास्ते पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। मौके पर प्रशासन द्वारा एक बार निर्माण रोकवाया भी गया, लेकिन दबंगों ने दोबारा काम शुरू कर दिया।
प्रशासनिक आदेशों की भी हो रही अनदेखी
स्थानीय लोगों का कहना है कि दबंग इतने प्रभावशाली हैं कि किसी अधिकारी की बात भी नहीं मानते। न पुलिस की सुनते हैं, न प्रशासनिक आदेशों का कोई डर है।
अब सवाल – न्याय कब मिलेगा?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अयोध्या के आला अधिकारी इस महिला को न्याय दिला पाएंगे? किरण देवी की यह लड़ाई सिर्फ जमीन के लिए नहीं, बल्कि कानून के राज की स्थापना के लिए भी है।
जनता और शिकायतकर्ता की एक ही उम्मीद है — “सरकार और प्रशासन हस्तक्षेप कर जल्द न्याय दिलाए, ताकि आम जनता का भरोसा व्यवस्था पर बना रह सके।”