लखनऊ: ठाकुरगंज पुलिस ने मिलाया बिछड़ा बुज़ुर्ग दंपति, महिला के चेहरे पर लौटी मुस्कान

- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में मानवता की मिसाल पेश करते हुए पुलिस ने एक बुज़ुर्ग दंपति को फिर से मिलाकर बुज़ुर्ग महिला के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। चलने-फिरने में असमर्थ महिला का एकमात्र सहारा—उनके पति—4 मई को लापता हो गए थे।
बुज़ुर्ग महिला की कोई संतान नहीं है और न ही उनके पति के अलावा कोई सहारा। मामला संज्ञान में आते ही एसएचओ ठाकुरगंज श्रीकांत राय ने गुमशुदगी दर्ज कराते हुए तुरंत पुलिस टीम गठित की। टीम ने क्षेत्र में लगे सभी CCTV कैमरों की जांच की और सोशल मीडिया के माध्यम से भी तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आज बुज़ुर्ग महिला के पति को सकुशल ढूंढ निकाला और स्वयं महिला के घर जाकर उन्हें सौंपा। अपने पति को सही-सलामत देखकर महिला भावुक हो उठीं और क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर पुलिस का आभार जताया।
इस सराहनीय कार्य में एसआई मारूफ आलम, एसआई बसंत लाल यादव और सिपाही तारा सिंह बघेल की अहम भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की प्रशंसा की।