गाज़ीपुर: गोली लगने से घायल युवक मदद को चिल्लाता रहा, लोग बनाते रहे वीडियो – इंसानियत पर उठे सवाल

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: बीते दिन गाज़ीपुर इलाके में हुए गोलीकांड में गंभीर रूप से घायल युवक का एक वीडियो सामने आया है, जो मदद के लिए तड़पता और चिल्लाता दिखाई दे रहा है। युवक को तीन गोलियां लगी थीं, लेकिन वहां मौजूद लोग उसे अस्पताल पहुंचाने की बजाय वीडियो बनाने में व्यस्त नजर आए।
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक जमीन पर पड़ा मदद के लिए गुहार लगा रहा है, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। कुछ ही दूरी पर पुलिसकर्मी भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वे भी सिर्फ टहलते नजर आते हैं, कोई ठोस कदम उठाते नहीं दिखते।
इस संवेदनहीनता ने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर समय पर घायल युवक को इलाज नहीं मिलता और उसकी जान चली जाती, तो इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन होता?
घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोग प्रशासन और समाज की संवेदनहीनता को लेकर गंभीर नाराजगी जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अब सवाल यह है कि क्या संवेदनशीलता और मानवता भी समाज से गायब हो चुकी है?