शाही जामा मस्जिद पर इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला बरकरार, याचिका खारिज होने के बाद यूपी में अलर्ट जारी

- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शाही जामा मस्जिद से जुड़े मामले में पहले दिए गए आदेश को बरकरार रखा है। कोर्ट ने इस संबंध में दाखिल मुस्लिम पक्ष की याचिका को खारिज कर दिया, जिसके बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
फैसले के बाद राजधानी लखनऊ के सभी इलाकों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है। विशेष रूप से हजरतगंज थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष और पुलिस बल बड़ी संख्या में मौजूद रहे और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि लोग अफवाह न फैलाएं और न ही अफवाहों पर ध्यान दें।
इससे पहले संभल की जामा मस्जिद को लेकर उपजे हालात के बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चुस्त कर दिया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना को रोकने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरत रहा है।