ताज़ा खबरेंभारतविदेश

बलूचिस्तान की आज़ादी का ऐलान, मीर यार बलोच ने भारत से दूतावास की मांग की

नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। बलूचिस्तान के प्रमुख स्वतंत्रता समर्थक नेता मीर यार बलोच ने बलूचिस्तान की आज़ादी की घोषणा कर दी है। उन्होंने यह घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) के ज़रिए सार्वजनिक की, साथ ही भारत से दिल्ली में बलूचिस्तान का आधिकारिक दूतावास स्थापित करने की अनुमति देने की अपील भी की है।

मीर यार बलोच ने अपने बयान में संयुक्त राष्ट्र से बलूचिस्तान को एक स्वतंत्र लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में मान्यता देने की मांग की है। उन्होंने यूएन शांति मिशन भेजने, पाकिस्तानी सेनाओं को बलूचिस्तान से हटाने, और नई मुद्रा व पासपोर्ट के लिए आर्थिक सहायता की भी अपील की।

बलोच नेता ने कहा, “आतंकवादी पाकिस्तान का अंत निकट है। हमने बलूचिस्तान की आज़ादी का ऐलान कर दिया है। अब समय आ गया है कि भारत बलूचिस्तान को समर्थन दे और दिल्ली में उसका दूतावास स्थापित करने की अनुमति दे।”

उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की सेना, फ्रंटियर कोर, पुलिस और ISI के सभी गैर-बलोच अधिकारियों को तत्काल बलूचिस्तान छोड़ देना चाहिए। साथ ही उन्होंने एक अंतरिम सरकार की जल्द घोषणा करने की बात कही जो नए स्वतंत्र बलूचिस्तान का प्रशासन संभालेगी।

यह घोषणा ऐसे समय पर आई है जब भारत और पाकिस्तान के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। हाल ही में पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य ठिकानों को ड्रोन, मिसाइल और रॉकेट से निशाना बनाने की कोशिश की थी, जिसमें जम्मू, पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर और जैसलमेर जैसे इलाके शामिल थे। हालांकि, भारतीय सेना ने इन हमलों को पूरी तरह विफल कर दिया और कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी भी दी है।

बलूचिस्तान की आज़ादी की यह घोषणा न केवल पाकिस्तान के लिए कूटनीतिक चुनौती है, बल्कि क्षेत्रीय राजनीति में भी एक बड़ा बदलाव ला सकती है। अब सबकी नजर भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्रतिक्रिया पर टिकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button