ताजमहल से 100 मीटर दूर नियमों की धज्जियां! रोड घेरकर बन रहा निजी निर्माण

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आगरा। विश्व धरोहर ताजमहल के महज़ 100 मीटर की दूरी पर नियमों को ताक पर रखकर निजी निर्माण कार्य जारी है। ताजगंज क्षेत्र की असद गली में सड़क पर कैमरा रूम जैसा निर्माण किया जा रहा है, जबकि यह क्षेत्र पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) की प्रतिबंधित सीमा में आता है।
इस गली में नगर निगम द्वारा बनाए गए लगभग 6 फुट चौड़े खरंजे पर कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि सुरक्षा मानकों की भी खुलेआम अवहेलना हो रही है।
ASI, नगर निगम और थाना पुलिस की लापरवाही उजागर
इस अवैध निर्माण की जानकारी होते हुए भी ASI, नगर निगम और थाना पुलिस की चुप्पी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का नया निर्माण प्रतिबंधित है, बावजूद इसके 100 मीटर की दूरी पर सड़क घेरकर निर्माण करना सुरक्षा को सीधी चुनौती देने जैसा है।
कानून का मज़ाक या मिलीभगत?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह निर्माण कार्य दिन-दहाड़े किया जा रहा है, जिससे साफ झलकता है कि संबंधित विभागों की मिलीभगत या उदासीनता इसका कारण हो सकती है।
सवालों के घेरे में प्रशासन
इस घटना ने ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विश्व धरोहर की गरिमा और सुरक्षा को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माण पर अब तक कोई कार्रवाई न होना बेहद चिंताजनक है।
अब सवाल उठता है — आखिर कब जागेगा सिस्टम?
क्या ताजमहल जैसे संवेदनशील और विश्व प्रसिद्ध स्मारक की सुरक्षा को यूं ही नजरअंदाज किया जाता रहेगा? प्रशासन की खामोशी अब कार्रवाई की बजाय मिलीभगत का संकेत देती दिख रही है।
स्थानीय प्रशासन और ASI की चुप्पी, अवैध निर्माण की खुली छूट — क्या यही है ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था?