लखनऊ: सरोजनी नगर द्वितीय वार्ड के आजाद नगर में जलभराव की विकराल समस्या, पार्षद ने की तत्काल समाधान की मांग

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी के सरोजनी नगर द्वितीय वार्ड के आजाद नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है। बुधवार को वार्ड पार्षद रामनरेश रावत ने इलाके का दौरा कर स्थिति का निरीक्षण किया।
यह वही गली है जहां दो दिन पहले प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने खुद मौके पर पहुंचकर नगर निगम अधिकारियों को फटकार लगाई थी, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों की हालत दयनीय
निरीक्षण के दौरान पार्षद ने देखा कि गली में जमा गंदे पानी और बदहाल नाली व्यवस्था से स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं। कई लोगों की हालत देखकर पार्षद भावुक हो उठे, जबकि कुछ बुजुर्गों की आंखों में आंसू भी देखे गए।
नाला निर्माण के लिए बजट की मांग
पार्षद रामनरेश रावत ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने जल्द से जल्द बजट स्वीकृत कर नाले के निर्माण की मांग की ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
स्थानीय निवासियों ने भी अपील की है कि सरकार और नगर निगम इस ओर ध्यान दे, ताकि उन्हें बरसात और रोजमर्रा की ज़िंदगी में राहत मिल सके।