लखनऊ: सिंचाई विभाग मुख्यालय पर संयुक्त संघर्ष समिति का विशाल धरना, फोर्थ क्लास पद खत्म करने के विरोध में उग्र प्रदर्शन

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: सिंचाई विभाग संयुक्त संघर्ष समिति ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए विभागीय मुख्यालय पर विशाल धरना दिया। प्रदर्शन में हजारों कर्मचारियों ने भाग लिया और फोर्थ क्लास कर्मचारियों के पद समाप्त किए जाने के निर्णय पर गहरा विरोध जताया।
कर्मचारियों में उबाल, नारेबाजी के साथ प्रदर्शन तेज
जानकारी के अनुसार, विभाग द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों को समाप्त करने की प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों में जबरदस्त नाराज़गी है। प्रदर्शनकारियों ने इस फैसले को कर्मचारियों के हितों पर सीधा हमला बताया और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हुसैनगंज थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। हालांकि प्रदर्शन फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, लेकिन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
संयुक्त संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।