लखनऊ: नगर निगम जोन-3 में चला बुलडोजर, ताड़ीखाना रेलवे क्रॉसिंग के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से हुई झड़प

- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: नगर निगम जोन-3 में गुरुवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पल्टन छावनी क्षेत्र के ताड़ीखाना रेलवे क्रॉसिंग के पास की गई, जहां वर्षों से फैले अवैध निर्माण को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया।
296 कर्मियों की टीम पर हुआ विरोध, मौके पर तनाव
अभियान के दौरान नगर निगम की 296 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अवैध कब्जा कर बैठे लोगों ने इसका विरोध किया। इस दौरान इंस्पेक्टर इमरान खान और नगर निगम के अधीक्षक सभाजीत की अतिक्रमणकारियों से तीखी झड़प भी हुई। हालात तनावपूर्ण हो गए।
जोनल अधिकारी ने संभाली स्थिति, पुलिस को दी गई सूचना
स्थिति बिगड़ती देख जोन-3 के जोनल अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और माहौल को शांत किया। नगर निगम के अधिकारियों ने मड़ियांव थाने को भी सूचना दी, जिसके बाद मड़ियांव के इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
एक व्यक्ति हिरासत में, भेजा गया थाने
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया और थाने भेज दिया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
नगर निगम का कहना है कि शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।