BIGMART फ्रेंचाइजी घोटाले में बड़ा खुलासा, एक गिरफ्तार

रिपोर्ट: अनुराग सिंह
लखनऊ। विभूतिखंड पुलिस ने BIGMART ग्रोसरी स्टोर की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने व्हाइट ब्लू रिटेल प्रा. लि. नामक कंपनी बनाकर लोगों को झांसे में लिया और BIGMART की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर भारी मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये हड़प लिए। ठगी के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इंस्पेक्टर विभूतिखंड सुनील सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गिरीश कुमार गांधी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।