लखनऊ: जोन-6 में गंदगी से अटा नाला, भीषण गर्मी में बीमारियों का केंद्र बना इलाका

- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: राजधानी के नगर निगम जोन-6 क्षेत्र में गिरधारी इंटर कॉलेज के बगल में स्थित नाला वर्षों से सफाई का इंतजार कर रहा है, जो अब कूड़े और गंदगी से पूरी तरह जाम हो चुका है।
गर्मियों की तपिश और नाले की बदबूदार गंदगी मिलकर क्षेत्रवासियों के लिए जीना दूभर कर रही है। यहां मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
पार्षद और नगर निगम की अनदेखी
स्थानीय लोगों की शिकायत है कि न तो नगर निगम और न ही क्षेत्रीय पार्षद इस ओर कोई ध्यान दे रहे हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद नाले की सफाई नहीं कराई गई।
बीमारियों के खतरे से सहमी जनता
नाले की गंदगी और बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों को संक्रमण और त्वचा संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि नगर निगम क्या किसी बड़ी बीमारी के फैलने का इंतजार कर रहा है?
जनता ने की तत्काल सफाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नगर निगम जल्द से जल्द नाले की सफाई कराए और क्षेत्र में सैनिटाइजेशन और फॉगिंग अभियान चलाया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव हो सके।
इस लापरवाही ने एक बार फिर नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।