ताज़ा खबरेंभारत

Ahmedabad Plane Crash: पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की विमान हादसे में दुखद मृत्यु, ‘लकी नंबर’ 1206 बना ‘अशुभ संयोग’

अहमदाबाद: अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे मेघानी नगर इलाके के पास एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 के क्रैश हो जाने से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। यह विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था, लेकिन टेकऑफ के महज पांच मिनट बाद ही रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में 242 लोग सवार थे, जिनमें से कई की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है।

इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे, जिनकी इस हादसे में मृत्यु की पुष्टि कर दी गई है। वह 68 वर्ष के थे और अपनी पत्नी को लंदन से लाने के लिए इस फ्लाइट से यात्रा कर रहे थे।

छह दशक बाद दोहराया गया एक और राजनीतिक दुःख
यह गुजरात के इतिहास में दूसरी बार है जब किसी पूर्व मुख्यमंत्री की हवाई हादसे में जान गई है। इससे पहले 1965 में बलवंतराय मेहता की विमान दुर्घटना में मृत्यु हुई थी। इस हादसे ने पुराने जख्मों को फिर से ताजा कर दिया है।

‘लकी नंबर 1206’ बना संयोग से आखिरी तारीख
विजय रूपाणी अपने जीवन में 1206 नंबर को शुभ संकेत मानते रहे थे। उनकी गाड़ी, स्कूटर, मोबाइल नंबर – सभी में यह अंक शामिल था। हादसा 12 जून (12/06) को हुआ, जिससे यह नंबर अब उनके लिए एक अशुभ संयोग बन गया। रूपाणी के करीबी बताते हैं कि वह इस नंबर को अपनी तरक्की का प्रतीक मानते थे।

सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि का सैलाब
विजय रूपाणी के निधन की खबर से गुजरात से लेकर दिल्ली तक शोक की लहर फैल गई है। बीजेपी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनों ने उन्हें समर्पित जनसेवक के रूप में याद किया। सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। एक यूज़र ने लिखा, “विजयभाई रूपाणी सादा जीवन और उच्च विचार के प्रतीक थे।”

हादसे की जांच जारी
विमानन मंत्री और DGCA की टीम घटना की गहन जांच में जुटी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टेकऑफ के 30 सेकंड बाद ही विमान में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है।

यह हादसा न केवल राजनीतिक क्षेत्र के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button