लखनऊ: DGP राजीव कृष्ण ने PPS अधिकारियों से संवाद बढ़ाने के दिए निर्देश, रोजाना होगी 10 अधिकारियों से बातचीत

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने प्रदेश के PPS (प्रांतीय पुलिस सेवा) कैडर के अधिकारियों से बेहतर संवाद और पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। इसके तहत DGP स्टाफ ऑफिसर प्रतिदिन 10 PPS अधिकारियों से संवाद करेंगे और उनके तीन प्रमुख विषयों से संबंधित समस्याओं और सूचनाओं को जानेंगे।
इस संवाद कार्यक्रम के तहत अधिकारियों से जिन तीन विषयों पर जानकारी ली जाएगी, वे इस प्रकार हैं:
1.सेवा संबंधी मामले – लंबित जांच, दंड, अपील, स्थायीकरण, पदोन्नति आदि से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाएं।
2.निजी समस्याएं – चिकित्सा बिल, अवकाश, यात्रा, शिक्षा, संपत्ति क्रय अनुमति सहित अन्य व्यक्तिगत कठिनाइयाँ।
3.ऑपरेशनल समस्याएं – वरिष्ठ या कनिष्ठ अधिकारियों से असहयोग, अभियोजन संबंधी परेशानियां, उच्च न्यायालयों से संबंधित मुद्दे, अन्य जनपदों से समन्वय की कमी, VIP ड्यूटी से जुड़ी चुनौतियां आदि।
DGP राजीव कृष्ण ने कहा है कि इस संवाद प्रक्रिया से न केवल अधिकारियों की व्यक्तिगत और सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा, बल्कि पुलिसिंग की गुणवत्ता और कार्य संस्कृति में भी सुधार आएगा।
इस पहल को पुलिस विभाग में आंतरिक पारदर्शिता और संतुलित प्रशासनिक संवाद की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।