लखनऊ: सरोजनी नगर पुलिस ने प्रेम प्रसंग में हुई हत्या का किया खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर लिया है। हत्या के आरोप में पति-पत्नी की जोड़ी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी। आरोपी महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने प्रेमी की तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी।
यह सनसनीखेज वारदात 20 मई को सरोजनी नगर के तपोवन नगर इलाके में हुई थी, जहां अर्पित यादव नामक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजन उसे तुरंत लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को हत्या की आशंका हुई और 25 मई को पुलिस ने दोनों आरोपियों को नादरगंज तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
महिला आरोपी सुमन की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हुआ तकिया भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या की पूरी साजिश पहले से रची गई थी और प्रेम संबंधों के चलते अर्पित को मौत के घाट उतारा गया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।