लखनऊ: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर अमर्यादित टिप्पणी से मचा सियासी तूफान, बीजेपी और ब्राह्मण समाज का समाजवादी पार्टी पर हमला

- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: उस वक्त सियासी माहौल गरमा गया जब समाजवादी पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इस टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ब्राह्मण समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिला।
हजरतगंज में लगे पोस्टर, लिखा – “ब्राह्मण समाज का यह अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”
भाजपा कार्यकर्ताओं और ब्राह्मण समाज से जुड़े लोगों ने लखनऊ के हजरतगंज इलाके में पोस्टर लगाकर समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल के खिलाफ अपना विरोध जताया। पोस्टरों में लिखा गया:
“ब्राह्मण समाज का यह अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।”
“मा. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी के खिलाफ व्यक्तिगत आक्षेप और अभद्र भाषा का इस्तेमाल समाजवादी पार्टी की संकीर्ण मानसिकता और नैतिक पतन को दर्शाता है।”
बीजेपी और समाज में गुस्सा
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह हमला केवल एक नेता पर नहीं, बल्कि संवैधानिक मर्यादाओं, सभ्य राजनीति की परंपरा, और ब्राह्मण समाज के सम्मान पर सीधा प्रहार है।
पोस्टरों में सपा की आलोचना करते हुए कहा गया कि पार्टी ने स्तरहीन, लैंगिक उपहास और गंदी राजनीति का सहारा लिया है, जो उनकी राजनीतिक सोच को दर्शाता है।
सपा की ओर से अब तक कोई औपचारिक माफी नहीं
इस पूरे विवाद पर समाजवादी पार्टी की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया या माफी नहीं आई है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज में नाराजगी और बढ़ गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर सपा माफी नहीं मांगती तो वे आंदोलन और कानूनी कार्रवाई का रास्ता भी अपना सकते हैं।
यह घटना न केवल राजनीतिक गलियारों में तनाव बढ़ा रही है, बल्कि जातीय और सामाजिक सम्मान से जुड़े मुद्दों को भी नई बहस में ला खड़ा कर रही है।