लखनऊ: रवि पुजारी गैंग का शार्प शूटर और ₹50 हजार का इनामी बदमाश संजू डोकरे मुंबई से गिरफ्तार

- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात अपराधी संजू डोकरे, जो कि रवि पुजारी गैंग का करीबी गुर्गा और ₹50,000 का इनामी बदमाश है, उसे मलाड वेस्ट, मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर लिया गया है।
संजू डोकरे, मुंबई के मलाड ईस्ट इलाके का निवासी है और उस पर लूट, डकैती, मारपीट और रंगदारी जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
2022 की चर्चित कौशांबी लूट में था शामिल
संजू डोकरे वर्ष 2022 में जनपद कौशांबी में हुई 30 लाख रुपये की लूट की घटना में भी शामिल था। उसने अपने साथियों रोशन यादव, कीर्ति सिंह सोलंकी, विपुल पटेल और अन्य के साथ मिलकर गुजरात जा रहे एक व्यापारी को निशाना बनाया था। यह लूट उस समय प्रदेश भर में सुर्खियों में रही थी।
महाराष्ट्र का हिस्ट्रीशीटर
गिरफ्तार आरोपी महाराष्ट्र का घोषित हिस्ट्रीशीटर भी है और लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे मुंबई से दबोच लिया।
एसटीएफ अब उससे पूछताछ कर रही है, जिससे गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क से जुड़ी और भी अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
यह गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में सक्रिय अपराधी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।