ताज़ा खबरेंभारत
खामोश डल, सुनसान शिकारे: श्रीनगर से गायब हुई रौनक, रद्द हो रही ताबड़तोड़ बुकिंग्स

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
श्रीनगर: कभी चहल-पहल से भरी रहने वाली डल झील आज खामोश है। हाउसबोट खाली पड़े हैं और शिकारे किनारों पर मायूसी के साथ खड़े हैं। हाल के आतंकी घटनाक्रमों के बाद कश्मीर घाटी में सन्नाटा पसर गया है, जिससे धरती के इस स्वर्ग की रौनक मानो खो सी गई है।
जहां कुछ ही दिन पहले तक शिकारे झील में इस कदर घूम रहे थे कि एक-दूसरे से टकरा जाते थे, वहीं अब वही शिकारे पर्यटकों की राह तकते नजर आ रहे हैं। हाउसबोट संचालकों और स्थानीय व्यापारियों की मानें तो पर्यटकों द्वारा की गई बुकिंग्स में अचानक गिरावट आई है और पहले से की गई बुकिंग्स भी बड़ी संख्या में रद्द की जा रही हैं।
सुरक्षा कारणों से लोग कश्मीर यात्रा स्थगित कर रहे हैं, जिससे पर्यटन उद्योग को गहरा झटका लगा है। स्थानीय लोग और व्यापारी चिंतित हैं कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो आर्थिक संकट और गहराता जाएगा।