राजधानी लखनऊ में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ
नई एम्बुलेंस को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया गया, 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा।

- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में आज विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने नई एम्बुलेंस को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। यह अभियान 30 अप्रैल तक जारी रहेगा और इसमें 13 विभाग मिलकर काम करेंगे।
अभियान के तहत 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी चलेगा, जो राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान द्वारा आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ एमएलसी रामचंद्र प्रधान, मुकेश शर्मा और विधायक नीरज बोरा भी मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस अवसर पर कहा कि 2017 की तुलना में अब बीमारियों में काफी कमी आई है। डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों में भी गिरावट आई है और मृत्यु दर में भी कमी दर्ज की गई है।
इस अभियान के तहत 13,000 से अधिक स्वास्थ्य केंद्र जनता के लिए सुलभ किए जाएंगे, और एम्बुलेंस रिस्पांस टाइम को भी कम किया गया है। साथ ही, 2554 एम्बुलेंस का एक बड़ा बेड़ा जनता को समर्पित किया गया है, जिससे त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान की जाएगी।
इस विशेष अभियान से राजधानी के नागरिकों को संचारी रोगों से बचाव में मदद मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।