राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहन को जिला जज ने दिखाई हरी झंडी
5 से 8 मार्च तक मीरजापुर में विशेष एवं राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

- रिपोर्ट: चन्दन दुबे पत्रकार
मीरजापुर: दिनांक 4 मार्च 2025 – आगामी 8 मार्च 2025 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने आज दीवानी न्यायालय परिसर, मीरजापुर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम बलजोर सिंह, नोडल अधिकारी (रा.लो.अ.) संतोष कुमार गौतम, अपर जिला जज/सचिव विनय आर्या, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो सुरेंद्र कुमार राय, विशेष न्यायाधीश एससीएसटी एक्ट चंद्रगुप्त यादव, इंडियन बैंक के मुख्य प्रबंधक पुनित मिश्रा एवं वरिष्ठ अधिवक्ता बद्री विशाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
8 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार, 8 मार्च 2025 (शनिवार) को मीरजापुर जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर, बाह्य न्यायालय चुनार, ग्राम न्यायालय मड़िहान सहित विभिन्न राजस्व व प्रशासनिक न्यायालयों में होगा।
जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि इस लोक अदालत में बैंक लोन, पारिवारिक विवाद, राजस्व मामलों एवं अन्य न्यायिक वादों के समाधान की सुविधा दी जाएगी। पिछली लोक अदालत में 38,753 मामलों का निस्तारण किया गया था, जबकि इस बार 42,000 मामलों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
5 से 7 मार्च तक विशेष लोक अदालत
अपर जिला जज/सचिव विनय आर्या ने जानकारी दी कि 5 से 7 मार्च तक विशेष लोक अदालत भी आयोजित की जाएगी, जिसमें ई-चालान, लघु आपराधिक मामले, बैंक ऋण वसूली, चेक बाउंस (धारा 138 एन.आई.एक्ट), मोटर दुर्घटना मुआवजा, बिजली व जलकर विवाद सहित अन्य मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।